बनारस की गलियों में अखिलेश यादव और राहुल गांधी भी रोड शो करने निकले. इसमें भी भारी भीड़ जुटी. बाद में डिंपल यादव भी रथ पर नज़र आईं. 'यूपी के लड़के' बनारस की सड़कों पर निकले ये आज़माने कि 'यूपी को ये साथ' कितना पसंद है. इस दौरान खूब झंडे भी लहराए गए और छतों से फूल बरसाए गए.
रोड शो की शुरुआत करने से पहले कुछ आगे-पीछे बनारस पहुंचे राहुल और अखिलेश ने कचहरी अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं से ठसाठस चौड़ी सड़क पर खुले वाहन में गठबंधन का चुनावी जुलूस निकला.
वरुणा पुल, नदेसर चौकाघाट, दोषीपुरा, अलईपुरा, गोलगड्डा, पीली कोठी, विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, बुलानाला, चौक होते रोड शो का काफिला देर शाम गोदौलिया के गिरजाघर तक पहुंचा. इस दौरान लगभग आठ किलोमीटर लंबे रोड शो पर छतों से फूल बरसाए जा रहे थे। हाथों में सपा-कांग्रेस का झंडा लिए, सिर पर अपने दल की टोपी लगाए कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे.
वाहनों के काफिले के साथ मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ता आगे-आगे चल रहे थे. दोषीपुरा में मुख्यमंत्री की पत्नी सांसद डिंपल यादव भी रोड शो में शामिल हो गईं. वाहन पर उनके सवार होते ही लोगों ने फिर नारे लगाने शुरू कर दिए.
इसी बीच अचानक राहुल-अखिलेश बाबा विश्वनाथ दरबार में दर्शन पूजन भी किया.