Wednesday, 21 December 2016

सीएम अखिलेश यादव ने 5 घंटे में 910 योजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण

  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसे शायद ही भविष्य में कोई मुख्यमंत्री तोड़ पाए। उन्होंने एक दिन में 5 घंटे के भीतर 60,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 910 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर डाला। इसमें क्रिकेट स्टेडियम, कैंसर इंस्टिट्यूट, मल्टीप्लेक्स, लाइब्रेरी, ओलिम्पिक साइज स्विमिंग पूल, शान-ए-अवध सिग्नेचर बिल्डिंग और मंडी परिषद की बिल्डिंग सहित तमाम ऐसी योजनाएं हैं जो अभी पूरी भी नहीं हुई हैं। अखिलेश ने मंगलवार के दिन की शुरूआत अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक समारोह में कई अस्पतालों आवासीय परियोजनाओं, हॉकी स्टेडियम, तरणताल सडकों और कई जिलों में अवस्थापना विकास आदि का लोकार्पण कर किया। केसरबाग के नवनिर्मित आधुनिक बस स्टेशन का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार ने हवाई अड्डों की तर्ज पर परिवहन निगम के बस अड्डों को विकसित करने की शुरुआत कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा, लोहिया ग्रामीण परिवहन सेवा, ग्रामीण क्षेत्रों और विशेष रूप से किसानों को राहत पहुंचाने के लिए चलाई जा रही है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा हर साल 54 करोड़ से अधिक यात्रियों को बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अखिलेश ने लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए गए कैसरबाग मॉडर्न बस स्टेशन को लोकार्पित किया।

उन्होंने कहा, यह प्रदेश का पहला बस स्टेशन है, जो पूरी तरह से वातानुकूलित है। बस स्टेशन में दिव्यांगों के प्रवेश के लिए अलग से मार्ग बनाए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए 32 सीसीटीवी कैमरे, आधुनिक रेस्त्रां, शौचालय, आधुनिक वेटिंग रूम आदि की व्यवस्था की गई है। साथ ही, बस स्टेशन की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए 40 किलोवॉट बिजली उत्पादन क्षमता का सोलर पावर प्लांट भी लगाया गया है।

अखिलेश ने कहा, ग्रामीण यात्रियों को शिक्षा, कारोबार एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए, तहसील, जनपद एवं मंडलीय मुख्यालयों से ग्रामीण अंचलों को जोड़ते हुए यह सेवा संचालित की जा रही है। इस परिवहन सेवा का किराया साधारण किराए से 25 फीसदी कम रखा गया है। इस परिवहन सेवा के तहत बड़ी संख्या में बसों का संचालन किया जा रहा है। इनकी बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने लोहिया ग्रामीण बसों की खरीद के लिए इस साल 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।

No comments:

Post a Comment