सपा-कांग्रेस गठबंधन के बाद यूपी के चुनावी दंगल में साथ उतर रही सपा की साइकिल और कांग्रेसी पंजा 29 जनवरी से एक दूसरे के साथ चलेंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष 29 जनवरी को लखनऊ में संयुक्त रोड शो करेंगे। इस दौरान गठबंधन के बाद दोनों पार्टियों के लिए बना 'यूपी को यह साथ पसंद है' स्लोगन लॉन्च किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक टीम पीके की ओर से तैयार स्लोगन को दोनों खेमे से मंजूरी मिल गई है। इससे पहले राहुल और अखिलेश को लेकर यूपी के लड़के और बाहरी मोदी स्लोगन भी तैयार किया गया था। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं की बुलाई बैठक में 29 तारीख की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। पार्टी ऑफिस पर बुलाई गई बैठक में सीएम ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, उन्हें सपा कार्यकर्ता पूरा सहयोग करें।
गाना भी होगा तैयार
सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव की ओर से इस नारे को ओवरप्ले नहीं करने की हिदायत दी गई है। इसके पीछे तर्क दिया गया है कि अखिलेश सपा के लिए ‘गंभीर राजनेता’ और ‘काम बोलता है’ जैसे स्लोगन के साथ उतरे हैं। वहीं सूत्रों के अनुसार इस स्लोगन के साथ दो मिनट का एक गीत भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें राहुल और अखिलेश की जोड़ी को यूपी के लिए फिट बताया जाएगा।
बैठक में मौजूद रही अपर्णा
कार्यकर्ताओं से शुक्रवार को बैठक के दौरान सीएम ने पांच साल की सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कहा इन कामों के आधार पर ही कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं। साथ ही उन्होंने केन्द्र की ढ़ाई साल की नाकामियों को भी जनता के बीच पहुंचाने को कहा। सपा के नगर संगठन से जुड़े नेताओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी का घोषणा पत्र लेकर जन संपर्क किया जाएगा। वहीं बैठक में लखनऊ कैंट से सपा की घोषित प्रत्याशी अर्पणा यादव भी बैठक में मौजूद रहीं।इन्हें सौपी गई प्रचार की जिम्मेदारी
सपा सरकार और पार्टी के उम्मीदवारों के प्रचार के लिए मौजूदा और पूर्व पार्षद, नगर कमिटी, संचालन समिति, नगर संगठन के सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

No comments:
Post a Comment