Sunday, 29 January 2017

राहुल-अखिलेश के लिए बना विशेष रथ





 अखिलेश यादव और राहुल गांधी के रोड शो के लिए विशेष प्रकार का रथ तैयार कराया गया है जिसमें दोनों नेताओं के रणनीतिकारों की तस्वीरें होंगी।
शहर के प्रमुख चौराहों से गुजरेगा कारवां
हजरतगंज के जीपीओ पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद यह रथ हजरतगंज से मेफेयर चौराहे से घूमकर लालबाग में नावेल्टी चौराहा तक पहुंचेगा। वहां से कैसरबाग, (नजीराबाद होते हुए) अमीनाबाद की राह पुराने लखनऊ पहुंचेगा। फिर नक्खास से चौक चौराहे होते हुए रथ पर सवार दोनों नेता घंटाघर पहुंचेंगे जहां रोड शो का समापन होगा।
दोनों दलों के लोग जुटा रहे भीड़
इस पूरी यात्रा की कामयाबी के लिए निशवार को समाजवादी पार्टी की युवा ब्रिगेड मुस्तैद रही। एमएलसी एसआरएस यादव के नेतृत्व में युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, मनीष सिंह, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के एबाद, नगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी ने रोड शो मार्ग पर घूम कर इंतजाम दुरुस्त कराया। मंत्री राजेन्द्र चौधरी के साथ मंत्रणा की। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रतिनिधि के रूप में केएल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने रोड शो मार्ग का अवलोकन किया और कांग्रेसियों को रोड शो के दौरान मौजूद रहने की हिदायत दी।
शक्ति प्रदर्शन भी होगा
यूं तो यह शो नए राजनीतिक गठजोड़ और सरकार बनाने के साझा प्रयासों का इजहार करने के लिए है, मगर इस रोड शो में भी सपा व कांग्रेस अपने समर्थकों की ज्यादा से ज्यादा भीड़ दिखाकर लखनऊ में अपनी पकड़ का एहसास भी कराएंगे। सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने समर्थकों व कार्यकर्ताओं को रोड शो में मौजूद करने के लिए कहा है। वहीं कांग्रेस ने रोड शो में अपने समर्थकों की भीड़ जुटाने के लिए दिन भर मंथन किया है।
यूपी को यह साथ पसंद है
रोड शो में कांग्रेस-सपा का नया प्रचार गीत ‘यूपी को यह साथ पसंद है’ भी बजेगा। गाने से जुड़े पोस्टर जारी होंगे। दो मिनट के गाने में राहुल-अखिलेश को युवा नेता बताने के साथ उनके काम गिनाए जाएंगे। कांग्रेस की ओर से ‘यूपी के अपने लड़के बनाम बाहरी मोदी’ भी तैयार किया गया है।

No comments:

Post a Comment